कोतवाली क्षेत्र के भिखारीपुर खास गांव में टेबल फैन में उतरे करंट की चपेट में आने से मंगलवार की रात में एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
भिखारीपुर गांव निवासी हरिशंकर गौतम (50) पुत्र हरिभजन रात में घर के बाहर सो रहे थे। अचानक तेज हवा के झोंके से फर्राटा पंखा उनके चारपाई पर गिर गया। पंखे को उठाने के लिए हरिशंकर गौतम उठे और जैसे ही पंखे को छुए वैसे ही पंखे में उतरे करंट की चपेट में आ गए। जब तक लोग कुछ समझ पाते और उन्हें पंखे से अलग करते तब उनकी मौत हो गई थी। हरिशंकर के पांच पुत्र और एक पुत्री हैं, जिसमें से एक पुत्र की शादी हुई हैं। पुत्री सबसे छोटी करीब दस वर्ष की है। मृतक मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। जानकारी मिलने पर पहुंची मछलीशहर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मौके पर ग्राम प्रधान संतोष मिश्रा और जिला पंचायत सदस्य विजय शंकर बर्फी ने परिजनों को ढांढस बढ़ाया।