मुफ्तीगंज। केराकत कोतवाली के बेलांव घाट के पास सोमवार की दोपहर में गोमती नदी में दो दोस्तों के नहाने के दौरान एक युवक डूब गया। पुलिस अभी तक गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश कर रही है, बावजूद अभी तक उसका पता नहीं चल सका है। परिजनों का रोकर बुरा हाल है।
जफराबाद थाना के सखुहीं गांव निवासी सिरताज (22) पुत्र शौकत अपने मामा जंगली नाई के घर रामपुर बाजार में रहता था। वहां वह सैलून चलाता था। सोमवार की सुबह वह बाजार के अपने दोस्त मेराज के साथ बाइक से अपने मां के घर सखुहीं में दवा पहुंचाकर लौट रहा था। दोपहर में दोस्त के साथ बेलाव घाट पुल के पास गोमती नदी में नहाने लगा। इस दौरान गोमती के पानी का बरसात के दिनों में जलस्तर थोड़ा बढ़ गया है। नहाते समय उसका दोस्त मेराज डूबने लगा तो मेराज उसे बचाने लगा। इसमें सिरताज डूब गया। बाहर निकलने पर मेराज आस-पास के लोगों को जानकारी दी। फौरन मल्लाहों ने पानी के अंदर तलाश की लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। केराकत कोतवाली के प्रभारी जयप्रकाश यादव व जफराबाद थाना प्रभारी राजाराम द्विवेदी अपने हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचकर तीन गोताखोरों को बुलवाकर ढूंढने का प्रयास किया लेकिन घंटों प्रयास के बाद युवक का पता नहीं चल सका है। इस बाबत केराकत कोतवाली प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि घंटों गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश की जा रही है। बावजूद अभी तक युवक का पता नहीं चल सका है।