शाहगंज। राजकीय पुरुष चिकित्सालय के सरकारी आवास में रविवार की रात लैब टेक्नीशियन अजय कुमार की हत्या और लूट के मामले में पकड़े गए आरोपी का पुलिस ने बुधवार को चालान कर दिया। मौके से फरार दो आरोपियों को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर सकी। जिस हत्यारोपी को स्वास्थ्यकर्मियों ने मौके से पकड़कर पुलिस को सौंपा था उसे पुलिस ने बुधवार को सुबह रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार करने की बात कही है।
बलिया निवासी व राजकीय पुरुष चिकित्सालय में तैनात लैब टेक्नीशियन अजय कुमार के सरकारी आवास में रविवार की रात उनके तीन साथियों ने शराब पी। अजय के नशे में धुत होने पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। आलमारी से नकदी, जेवरात व अन्य कीमती सामान लूटकर बदमाश बाहर से ताला लगाकर भागने लगे। परिसर में अन्य कर्मचारियों संदिग्ध अवस्था में देखकर उनसे पूछताछ करनी शुरू की तो सभी भागने लगे। उनमें से एक को पकड़कर पिटाई करके पुलिस को सौंप दिया। मृतक अजय कुमार के पुत्र रणविजय की तहरीर पर पुलिस ने बुलेट गौतम निवासी कोरवलिया भादी, महताब निवासी मोहल्ला हुसैनगंज मेनरोड व रोहित सेठ निवासी ताखा पूरब के खिलाफ केस दर्ज किया। फरार हत्यारोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी। मौके से पकड़े गए रोहित सेठ को सुबह पांच बजे रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार और उससे 25 हजार 525 रुपये, गहने व कपड़ों की बरामदगी दिखाई गई है। उसे पुलिस ने जेल भेज दिया है।