जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय की सेमेस्टर और मुख्य परीक्षा का फार्म भरने से वंचित छात्रों को एक और मौका दिया गया है। परीक्षा नियंत्रक बीएन सिंह ने कहा कि ऐसे छात्र किसी कारण से परीक्षा फार्म आनलाइन करने से वंचित रहे गए हैं वह 26 और 27 फरवरी तक हर हाल में परीक्षा फार्म आन लाइन कर दें। परीक्षा फार्म का सत्यापन और परीक्षा शुल्क स्थानांतरण 28 फरवरी तक किया जाएगा। विवि में परीक्षा फार्म की हार्ड कापी, नामिनल रोल जमा करने और शुल्क का सत्यापन करने की तिथि दो मार्च तय की गई है। उन्होंने कहा कि विवि से संबद्ध सभी महाविद्यालय अपने छूटे छात्रों का परीक्षा फार्म 27 फरवरी तक आनलाइन कर दें। अन्यथा इस तिथि के बाद दूसरा मौका नहीं दिया जाएगा।