बिजली की चपेट में आने से मृत पवन यादव की फाइल फोटो। स्रोत-परिजन
चंदवक। थाना क्षेत्र के बड़खडा (मढ़ी) गांव एवं लोकापट्टी गांव में बुधवार की शाम को अलग-अलग जगह बिजली की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गए।
मढ़ी गांव निवासी घायल पन्नालाल यादव (50) धान की रोपाई के लिए खेत तैयार कर रहे थे। शाम लगभग 5 बजे के आसपास गांव के ही पवन यादव उर्फ इंदल (22) उनसे मिलने पहुंचे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गए। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें बीरीबारी स्थित सीएचसी पर ले गए। वहां चिकित्सकों ने पवन को मृत घोषित कर दिया। पन्नालाल की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पवन के चचेरे भाई ने बताया कि इलाज की आस में पवन को जिला अस्पताल लेकर भागे वहां भी चिकित्सक ने पवन को मृत घोषित कर दिया। तीन संतानों में बड़े भाई मोहन एवं करन के बाद पवन सबसे छोटे थे। 12 की पढ़ाई पूरी करने के बाद पवन ट्रैक्टर चलाकर परिवार के साथ किसानी का काम करते थे।
पवन के पिता वाराणसी में आटा चक्की चलाते हैं। सीएचसी चिकित्सा अधीक्षक डॉ जितेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि पवन यादव मृत अवस्था में लाया गया था। पन्नालाल यादव गंभीर रूप से घायल थे। उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इसी तरह दूसरी तरफ बुधवार शाम को ही लोकपट्टी गांव में खेत में काम कर रहे शिवलाल राजभर (60) भी बिजली की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए। उनका इलाज क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। संवाद