मछलीशहर/जलालपुर। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं बाइक सवार जख्मी हुआ है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। मछलीशहर नगर से सटे कोरमलपुर गांव के पास सोमवार को एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा था। पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसकी उम्र करीब 45 वर्ष है। काफी कोशिशों के बाद भी शिनाख्त नहीं हो सकी। स्वास्थ्यकर्मियों के मुताबिक सिर में गंभीर चोट आने से मौत हुई है। उधर, जलालपुर-मड़ियाहूं मार्ग परप्रधानपुर गांव के समीप पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार नेवढ़िया के वृंदावन गुतवन गांव निवासी इंद्रजीत पाल (45) घायल हो गया। पिकअप टेंट का सामान लेकर जलालपुर की तरफ आ रही थी। विपरीत दिशा से आए बाइक सवार से टक्कर हो गई।