जौनपुर जिले के नेवढ़िया थाना क्षेत्र के अटरिया गांव के पास रविवार की सुबह दो बाइकों की भिड़ंत में बाइक सवार युवक और उसके मौसा की मौत हो गई। दोनों शादी का कार्ड बांटने जा रहे थे। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार होमगार्ड जवान भी जख्मी हुआ है। गंभीर हाल में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस हादसे से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के तेजगढ़ गांव निवासी धर्मेंद्र गौतम (22) की चचेरी बहन की 23 नवंबर को शादी है। इसका निमंत्रण पत्र देने वह अपने मौसा पूरेलाल गांव निवासी भाईलाल गौतम उर्फ नाटे (45) के साथ रिश्तेदारों के घर जा रहा था। जमालापुर-बाबतपुर मार्ग पर अटरिया गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार होमगार्ड जवान रमाशंकर (40) निवासी गड़वा थाना रामपुर से टक्कर हो गई।
आमने-सामने हुई भिड़ंत में बाइक सवार भाईलाल और धर्मेंद्र गौतम की मौके पर मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार रमाशंकर को गंभीर चोट आई। टक्कर की आवाज सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने कार्ड पर छपे नंबर की मदद से घरवालों को सूचना दी।