जौनपुर। जिले में शनिवार को कोरोना के 12 नए पॉजिटिव केस मिले हैं। शाहगंज के एक वृद्ध की मौत हुई है। नए मरीजों को मिलाकर कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या 5842 हो गई है। अब तक 84 मरीजों की जान जा चुकी है।
मछलीशहर सीएचसी टीम ने डॉ. बीएल यादव के नेतृत्व में बंधवा बाजार में कैंप लगाकर मिष्ठान विक्रेताओं की जांच की। कुल 35 लोगों की रैपिड एंटीजन किट से जांच हुई। सभी की रिपोर्ट निगेटिव रही। टीम ने लोगों को कोरोना से बचाव के प्रति जागरुक किया। खेतासराय नगर के मिठाई विक्रेताओं समेत 57 लोगों की जांच की गई। एंटीजन किट से जांच में 34 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई। 23 लोगों की सैंपल आरटी पीसीआर से जांच के लिए भेजा गया। कुछ दुकानदार दुकान छोड़कर भाग लिए। पीएचसी सोंधी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश चंद्रा ने बताया कि दुकानदारों की जांच 12 नवंबर तक लगातार चलेगी। रोजाना अलग-अलग व्यवसाय से जुड़े दुकानदारों की जांच की जाएगी। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को 2938 सैंपल के रिजल्ट आए, जिसमें 12 पॉजिटिव आए। पहले से चिह्नित 18 मरीज ठीक होकर घर गए। अब तक 5472 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। नए 1829 सैंपल किए गए। अब तक 209287 सैंपल किए जा चुके हैं, जिसमें 208115 का रिजल्ट आ गया है।