जौनपुर। कलेक्ट्रेट प्रेक्षा गृह में शुक्रवार को हुई जिला पंचायत बोर्ड की बैठक हंगामेदार रही। आरोप-प्रत्यारोप के बीच सदस्यों ने ध्वनिमत से वित्तीय सत्र 2020-21 के लिए एक अरब एक करोड़ 47 लाख 13 हजार 763 रुपये का बजट पास किया। बैठक में स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर सड़कों के नामकरण, सोलर लाइट, हैंडपंप और सड़कों की गड्ढामुक्ति के मुद्दों पर जोरदार बहस हुई। सदस्यों ने अफसरों पर उपेक्षा और मनमानी का आरोप लगाया। ग्राम और क्षेत्र पंचायत की तरह ही जिला पंचायत को भी इंटर लॉकिंग कार्य फिर से कराए जाने की अनुमति देने की मांग उठाई।
अध्यक्ष राजबहादुर यादव की अध्यक्षता में शुरू हुई बैठक में पहले वित्तीय सत्र 2019-20 के पुनरीक्षित और फिर आगामी वर्ष 2020-21 के लिए अनुमानित बजट को पेश किया गया। सदस्यों ने ध्वनिमत से इसका अनुमोदन किया। अन्य बिंदुओं पर चर्चा शुरू हुई तो सदस्य एएमए सहित अन्य अफसरों पर हमलावर हो गए। जयहिंद यादव ने भरे सदन में जिला पंचायत के अभियंता पर कमीशनखोरी का आरोप लगाया। सदस्यों ने अभियंता को सदन में बुलाने की मांग की। जिले में उपस्थित न होने का हवाला देते हुए सीडीओ अनुपम शुक्ल ने आश्वस्त किया कि इसे कार्यवृत्त में नोट किया गया है। इस पर अभियंता से जवाब तलब किया जाएगा। दिनेश यादव ने वार्ड नंबर 33 में नवनिर्मित सड़कों के एक माह में ही उखड़ने की शिकायत की, जिस पर सीडीओ ने 15 दिनों में जांच कराने का आश्वासन दिया। कई सदस्यों ने जिला पंचायत के माध्यम से सोलर लाइट और हैंडपंप लगवाने के प्रस्ताव स्वीकृत करने की मांग उठाई। एएमए राहुल सिंह ने राज्य वित्त के तहत दिए जाने वाले बजट ऐसा न हो पाने की दलील दी। अध्यक्ष और सीडीओ ने जिला निधि के माध्यम से ऐसे प्रस्तावों को शामिल करने का भरोसा दिलाया। दिनेश त्रिपाठी ने स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर सड़कों के नामकरण के लिए तीन-तीन बार प्रस्ताव लेने के बाद भी नामकरण न करने पर रोष जताया। कहा कि इससे सेनानियों का अपमान हो रहा है। अध्यक्ष ने इसका शीघ्र समाधान कराने की बात कही। मौके पर शाहगंज में स्वतंत्रता सेनानी बुद्धराम गुप्त के नाम पर सड़क का नामकरण करने का प्रस्ताव भी पास किया गया। मुंगराबादशाहपुर के सदस्य ने शारदा सहायक खंड-39 से निकली करोल माइनर को जगह-जगह खोद दिए जाने से एक हजार एकड़ फसल डूबने के बावजूद सिंचाई विभाग के अफसरों की ओर से सुध न लेने की शिकायत की। वार्ड संख्या 40 के सदस्य छोटेलाल ने कहा कि रज्जूपुर में सड़क पर गिट्टी डालकर छोड़ दी गई है। डेढ़ वर्ष बाद भी कार्य शुरू नहीं हुआ है। करौंदा में इंटर लॉकिंग की सड़क टूटने की जांच की मांग की गई। बैठक में कलावती यादव, नन्हकू यादव, पप्पू रघुवंशी, शंभूनाथ, जितेंद्र यादव, राजेश कुमार, संजय, डॉ.विक्रम यादव, त्रिभुवन, पुष्पा यादव, रवींद्र नाथ आदि मौजूद रहे।
बांड जमा न करने वाली फर्म पर हो कार्रवाई
बैठक में एक सदस्य ने सड़क पर कार्य के लिए पहले टेंडर हासिल करने और फिर बांड न भरने का मामला उठाया। उनका कहना था कि राज बिल्डिंग मैटेरियल एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी ने बांड न भरकर नियमविरुद्ध ढंग से कार्य किया, बावजूद अफसर उस पर क्यों मेहरबान है। एएमए राहुल सिंह ने बताया कि फर्म का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया गया है। जल्द ही निर्माण समिति की बैठक बुलाकर उस पर कार्रवाई का फैसला लिया जाएगा।
सदस्यों के काम पर न लगे सांसद-विधायक का शिलापट्ट
बैठक में सदस्यों ने कहा कि कई कार्य ऐसे हैं, जो जिला पंचायत सदस्यों के प्रस्ताव पर बन रही है, लेकिन शिलापट्ट पर सांसद, विधायक और अफसरों के ही नाम दर्ज होते हैं। जिला पंचायत के काम पर अन्य लोगों के नाम न दर्ज किए जाएं, या फिर सांसद-विधायक के कार्यों पर भी संबंधित क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य का नाम लिखवाया जाए। मड़ियाहूं के सदस्य राजेश यादव ने अपने दिए प्रस्ताव की बजाए अन्यत्र काम कराने की शिकायत की। कहा कि जानबूझकर सदस्यों की छवि खराब करने के लिए ऐसा किया जा रहा है। सदस्यों ने कहा कि ऐसा ही रहा तो वह क्षेत्र में क्या मुंह लेकर जाएंगे।---