प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अल्पसंख्यक कल्याण ओमप्रकाश राजभर शुक्रवार को जलालपुर क्षेत्र के त्रिलोचन बाजार के मकरा स्थित शराब ठेका के पास दो दिन पूर्व हुई मारपीट में मृत युवक के परिजनों से मिलने पहुंचे। इस दौरान वह अपनी ही पार्टी के जफराबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगदीश नारायण राय पर बिफर पड़े। उन्होंने कहा कि अगर वह हमारे विधायक होते तो हमारे साथ होते। अखिलेश यादव के कहने पर जफराबाद विधायक जगदीश नारायण राय को टिकट दिया था।
उन्होंने कहा कि वह हमारे विधायक होते तो सपा की टोपी, झंडा और मीटिंग में न जाते। उन्होंने पूरे समाज को धोखा देने का काम किया। जो व्यक्ति पार्टी को लात मारकर सपा में चला गया, वह हमारा विधायक कैसे हो सकता है। वोट लेने के बाद जिस तरह का लोग धोखा दे रहे हैं। ऐसे विधायक को आने वाले चुनाव में जनता जवाब देगी। उनको जनता ने इसलिए विधायक बनाया कि गरीब, कमजोर की बस्ती में जो सड़कें और नाली नहीं बनी है, उसे बनवाएं। वह सपा की टोपी और साफा लगाकर बड़का नेता हो गए हैं। मैं बड़ी ईमानदारी से काम करता हूं, मैंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से कह दिया था, इसलिए टिकट दे दिया। उनको अक्ल नहीं कि किसके टिकट पर वह जीते हैं। वह हमारे नहीं बल्कि सपा के विधायक हैं। इस दौरान गाजीपुर के जखनिया विधायक बेदीराम आदि मौजूद रहे।