मड़ियाहूं की खबर मृतक विशाल गौतम की फाइल फोटो
मड़ियाहूं। कोतवाली क्षेत्र के मातिवर सिंह महाविद्यालय के पास बसुही नदी किनारे रविवार की शाम युवक की हत्या कर बोरे में रखकर फेंका गया शव मिला। पुलिस की छानबीन में पता चला कि उसके तीन दोस्तों ने ही मेला दिखाने के बहाने वारदात को अंजाम दिया। घटना के पीछे की वजह मारपीट बताई जा रही है। पकड़े गए तीन आरोपियों में दो नाबालिग हैं।
रामपुर थाना क्षेत्र के वाजिदपुर निवासी शांति देवी गौतम ने रविवार की दोपहर में तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा विशाल गौतम (20) पुत्र भगेलू राम शनिवार की रात मेला देखने के लिए गांव के रणजीत व दो अन्य नाबालिग दोस्तों के साथ गया था। सुबह सभी लोग घर लौट आए लेकिन उनका बेटा घर नहीं आया। तहरीर में आरोप लगाया कि पूछताछ में वे लोग इधर-उधर की बातें कर रहे हैं। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर उनसे पूछताछ शुरू की। पूछताछ में विशाल के दोस्तों ने स्वीकार किया कि कुछ दिन पहले आरोपियों में से रणजीत की किसी बगीचे में पिटाई की थी। इससे नाराज होकर उन लोगों ने हत्या की योजना बनाई। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपियों ने बताया कि विशाल की धारदार हथियार से हत्या कर शव को बोरे में भरकर मड़ियाहूं के मातिवर सिंह महाविद्यालय के पास बसुही नदी किनारे फेंक दिया गया। उनकी निशानदेही पर शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सीओ मड़ियाहूं गिरेंद्र सिंह ने बताया कि वाजिदपुर गांव के युवक की उसके दोस्तों ने मेला दिखाने के बहाने हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को महाविद्यालय के समीप नदी किनारे फेंक दिया।
मां की तहरीर पर केसा दर्ज कर तीन दोस्तों से पूछताछ की गई तो आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार की। आरापियों में से दो नाबालिग हैं।