नाइट कर्फ्यू का पालन कराने के लिए सड़कों पर उतरी पुलिस।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। कोरोना संक्रमण को देखते हुए जिले में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसे लेकर नाइट कर्फ्यू रविवार से शुरू की गई। यह कर्फ्यू रात 11 बजे से प्रात: 5 बजे तक लागू रहेगा। इसका सख्ती से पालन कराने के लिए जनपद के सभी थानाध्यक्ष से लेकर एसपी अजय साहनी, एएसपी सिटी डा. संजय कुमार तक निकले। इस दौरान उन्हें सड़कों पर सन्नाटा पसरा मिला। लेकिन नखास, ओलंदगंज, सिविल लाइन, पालीटेक्निक चौराहे पर इक्का-दुक्का लोग आते-जाते मिले। अधिकारियों ने उन्हें रोका तो वह दवा लेने के लिए निकलने की बात कही। हालांकि इनमें कुछ सही थे। कुछ बहाना कर रहे थे, जिन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। एएसपी सिटी ने बताया कि नाइट कर्फ्यू अवधि में आवश्यक सेवाएं एवं मालवाहक वाहनों, एंबुलेंस आदि को आने-जाने की अनुमति होगी। कोविड से जुड़े कार्मिक, पुलिस कर्मी और रात्रि उद्योगों से संबंधित कर्मियों को उनकी आईडी के आधार पर आने-जाने की अनुमति होगी। समस्त औद्योगिक इकाइयों को नाइट कालीन कर्फ्यू से पूर्णतया छूट रहेगी।