जौनपुर। शिवालयों में जलाभिषेक के लिए भोर से ही कांवड़ियों की कतार लगनी शुरू हो गई थी। हर-हर महादेव के जयकारे से इलाका भक्तिमय हो गया। श्री गौरीशंकर मंदिर सुजानगंज पर स्वयंसेवक संघ और विहिप की ओर से श्रद्धालुओं को भोजन कराया गया। तेजीबाजार : सावन महीने के दूसरे बुधवार को पड़ने वाले तेरस के दिन करशूलनाथ मंदिर में भोर में तीन बजे से ही कांवड़ियां जलाभिषेक के लिए मंदिर प्रांगण में पहुंच गए। बोल बम का नारा लगाते हुए जल चढ़ाया। श्रद्धालुओं ने भगवान पूजन करने के बाद मेले का लुत्फ उठाया। संजय ऊमर वैश्य ने कांवड़ियों के लिए लंगर चलवाया। मंदिर के पुजारी बच्चा गिरी ने बताया कि तेरस को लेकर पहले से ही तैयारियां कर ली गईं थी। दोपहर 12 बजे तक लगभग पंद्रह हजार श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। बरईपार : बाजार स्थित चक घसीटा नाथ शिव के मंदिर पर भोर से ही कांवरियों एवं स्थानीय लोगों की भीड़ जलाभिषेक के लिए उमड़ पड़ी। तेरस से भीड़ ज्यादा थी। सुरक्षा की दृष्टि से थानाध्यक्ष तेजी बाजार सत्येंद्र भाई पटेल मौजूद रहे। पुजारी महेश गिरी ने बताया कि 15 हजार से अधिक लोगों ने दर्शन में पूजन किया है। सुजानगंज : श्री गौरीशंकर मंदिर में बीती रात से हजारों कांवरियों की भीड़ जुटने लगी थी। थाना, अस्पताल परिसर से लेकर पूरी बाजार तक कांवड़ि़या ही दिख रहे थे। भीड़ को देखते हुए आधी रात को ही मंदिर का कपाट खोल दिया गया। रात को 12 बजे ही मंदिर का कपाट खोल दिया गया। थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि इतनी भीड़ होने के बाद भी प्रयास किया गया कि किसी कांवड़िये को कोई दिक्कत न हो। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ,विश्व हिंदू परिषद व सेवा भारती के नेतृत्व में गौरीशंकर मंदिर पर कांवड़ियों को भोजन वितरण कर चिकित्सा शिविर लगाया गया। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार मिश्र, विभाग उपाध्यक्ष सेवा भारती डॉ. विनय कुमार तिवारी, रामप्रकाश, तरुण चौबे, अतुल तिवारी आदि उपस्थित रहे।