धर्मापुर। शीतला चौकियां धाम में सोमवार को बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। मंदिर के पंडा पुजारियों के मुताबिक 50 हजार तक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इस दौरान काफी संख्या में लोगों ने पहुंचकर मुंडन संस्कार व कड़ाही चढ़ाही। इस दौरान मां शीतला का भव्य शृंगार किया गया।
सोमवार को बुद्ध पूर्णिमा के दिन सुबह 6 बजे से ही शीतला चौकियां धाम में दर्शन-पूजन के लिए भारी हुजूम उमड़ पड़ा। इस दौरान सर्व प्रथम श्रद्धालु कड़ाही चढ़ा कर हाथ में नारियल चुनरी लेकर बारी-बारी से दर्शन पूजन करते रहे। वाराणसी, आजमगढ़, सुल्तानपुर, गाजीपुर से भी भारी संख्या में श्रद्धालु अपने बच्चों का मुंडन संस्कार कर कढ़ाही चढ़ा कर माता रानी को प्रसाद चढ़ा कर दर्शन कर रहे थे। श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। शीतला माता के जयकारे से मंदिर परिसर गूंजता रहा। दोपहर में मां का भव्य शृंगार किया गया। उसके बाद आरती करके भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर में जय नारायण पंडा, सोनू पंडा, चंद्र देव पंडा ने श्रद्धालुओं को दर्शन पूजन कराया। वहीं महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा में सुजीत मौर्य व विजय यादव लगातार लगे रहे। मंदिर महंत विवेकानंद पंडा ने बताया कि बुद्ध पूर्णिमा होने के कारण करीब 50 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन किए। वहीं वाहनों की वजह से करीब आधा किमी तक जाम की स्थिति बनी रही।