जौनपुर। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को धूमधाम से दीपावली मनाई गई। घर-घर दीप जलाए गए। रंग-बिरंगी झालरों की रोशनी से दफ्तर, मकान, दुकान जगमग नजर आए। खेत, सड़क, गली रोशनी से नहा उठी। कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की अमावस्या की रात जमीन से आसमान तक दीपोत्सव की रोशनी छा गई। लोगों ने घरों और प्रतिष्ठानों में विधि-विधान से भगवान गणेश व मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की। भक्तों ने मां लक्ष्मी से सुख समृद्धि की कामना की। पूजन के बाद रात में दस बजे से आतिशबाजी का सिलसिला शुरू हुआ। रंग-बिरंगी रोशनी आसमान में छा गई । आतिशबाजी के लिए बच्चों में होड़ लगी रही। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई देकर दीपोत्सव की बधाई दी। गांव, गली, मोहल्लों में देर रात तक चहल-पहल रही। दीपावली पर लोगों का उत्साह और हर्ष देखने लायक था। देर रात पटाखों की आवाज से शहर से लेकर गांव तक का इलाका गूंजता रहा। घर, खेत-खलिहानों में दीप जलाकर लोगों ने अमावस की काली रात को रोशन कर दिया। घरों के साथ ही बाजारों में व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर रंग-बिरंगी झालरों की रोशनी इठलाती रही। एक सप्ताह पहले से ही लोगों ने दीपावली के लिए घरों की सफाई कर सजाने का काम शुरू कर दिया था। दिन में लोगों ने पूजा के सामान, मिठाइयां व पटाखों के साथ लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति खरीदारी की।