मड़ियाहूं। कोतवाली क्षेत्र के गौहर गांव में बृहस्पतिवार की शाम जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट में अधेड़ की मौत हो गई। परिजन शव लेकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस छानबीन में जुटी है।
गौहर गांव में बृहस्पतिवार की शाम नंदलाल गौतम (55) अपने पुत्र वीरेंद्र गौतम (30)के साथ मकान के आगे लगे टीनशेड को बारिश से बचाव के लिए ठीक कर रहे थे। तभी पट्टीदार प्रसिद्धि गौतम और बेटा मूलचंद गौतम आकर काम रोकने लगे। काम न रुकने पर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के कागजात देखे। जमीन पर स्टे होने की बात कहकर दोनों पक्षों को कोतवाली आकर मामले का निपटारा करने की बात कह लौट गई।
पुलिस के जाते ही दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी, जो देखते-देखते मारपीट में बदल गई। मारपीट में नंदलाल के सिर में गंभीर चोट आने से मौके पर ही मौत हो गई। परिजन शव लेकर कोतवाली पहुंचे। एसओ ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।