नगौली रतनपुर गांव में रविवार को सुबह सांड़ के हमले में वृद्ध महिला की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने सांड़ को पकड़कर पेड़ से बांध दिया है। अब उसे गोशाला भेजा जाएगा।
गांव निवासी बांकेलाल की पत्नी जड़ावती (70) रात में घर से बाहर निकली थी। उसी वक्त घर के बगल खेत में चर रहे सांड़ ने उन्हें दौड़ा लिया। वह भागते हुए घर के दरवाजे तक पहुंची, लेकिन सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान सांड़ की सींग महिला के पेट में घुस गई। शोर सुनकर आस पास के लोग पहुंचे तो सांड़ खेत की तरफ भाग गया। घायल महिला को सीएचसी पहुंचाया गया। जहां हालत नाजुक देख डाक्टर ने वाराणसी रेफर कर दिया। वाराणसी के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान जड़ावती की मौत हो गई। इधर गांव वालों ने सांड़ को पकड़कर एक पेड़ से बांध दिया और सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। ग्रामीणों के मुताबिक इस सांड़ ने इसके पहले भी गांव के कई लोगों को घायल कर दिया है। रतनपुर निवासी ही मनोज तिवारी , बृज कुमारी,को भी इसी सांड़ ने घायल कर दिया था। इस संबंध में पशु चिकित्साधिकारी गीता सिंह का कहना है कि सांड़ को पास के गोशाला में भेजने की तैयारी की जा रही है।