महराजगंज। क्षेत्र के इनामीपुर निवासी वृद्ध की मुंबई में मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। वृद्ध वहां रहकर रोजगार करता था। उसे खांसी-बुखार की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कोरोना संक्रमण के संदेह में उसका सैंपल लिया गया था, लेकिन रिपोर्ट आने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।महराजगंज थाना क्षेत्र के इनामीपुर निवासी शेर बहादुर विश्वकर्मा मुंबई में अपने पुत्र पंकज विश्वकर्मा के साथ फर्नीचर कांट्रेक्टर का काम करते थे। लॉक डाउन के बाद दोनों मुंबई में ही फंस गए थे। शुगर से पीड़ित शेर बहादुर को खांसी बुखार आने पर शनिवार को पंकज ने अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां इलाज के दौरान रविवार की शाम शेर बहादुर की मौत हो गई। पुत्र पंकज ने बताया कि कोरोना के संदेह में पिता का सैंपल लिया गया था, इसकी रिपोर्ट आने से पहले ही उनकी जान चली गई। संदेह के आधार पर पंकज विश्वकर्मा की भी जांच की जा रही है। सोमवार को मुंबई से खबर आते ही घरवालों में कोहराम मच गया। पत्नी उर्मिला देवी रोते-रोते भी बेसुध हो जा रही है। पुत्री ज्योति की इसी महीने में शादी तय थी, जिसमें आने के लिए शेर बहादुर तैयारी कर रहे थे। पिता का साया उठने से बेटी ज्योति, छोटी बेटी काजल और छोटा पुत्र शनि का रो-रोकर बुरा हाल है।