मड़ियाहूं। कोतवाली क्षेत्र के औरैला गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में घायल वृद्ध की वाराणसी में उपचार के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को शव गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। मारपीट के मुकदमे में गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ाई जा रही है।
औरैला गांव निवासी परमानंद सेठ (65) व पारस सेठ के बीच काफी दिनों से जमीन विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद में एक सप्ताह पूर्व दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। इसमें परमानंद सेठ गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायल परमानंद को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया था। परिजन उनका वाराणसी स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार करा रहे थे। बृहस्पतिवार की रात परमानंद सेठ की मृत्यु हो गई। मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी हरिनाथ भारती ने बताया कि इस मामले में पहले मारपीट का मुकदमा दर्ज था। अब इसमें गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ाते हुए कार्रवाई की जाएगी।