बरसठी। स्थानीय थाना क्षेत्र के बनकट गांव में चुनावी रंजिश को लेकर करीब बीस दिन पहले हुई मारपीट में घायल 88 वर्षीय बिंद्रा प्रसाद यादव की इलाज के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि मारपीट के बाद ही उन्होंने पुलिस को तहरीर दी थी, लेकिन सत्ता पक्ष के दबाव के चलते पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया।
पीड़ित परिजनों का आरोप है कि मनबढ़ों ने हाथापाई के बाद घर पर धावा बोलकर बिंद्रा प्रसाद को घायल कर दिया था। बचाव के लिए पहुंचे उनके पुत्र विवेक को भी घायल कर दिया था। पुलिस ने बिंद्रा को सीएचसी पहुंचाया था, हालत गंभीर देख डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। जिला अस्पताल में कोविड के चलते भर्ती नहीं हुए तो उन्हें मछलीशहर के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। थानाध्यक्ष बरसठी श्याम दास वर्मा का कहना है कि मारपीट में दोनों पक्षों से लोग घायल हुए थे। उपचार के दौरान बिंद्रा की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।