जौनपुर। कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को भी कोरोना से ग्रसित एक वृद्ध की मौत हो गई। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 37 नए पॉजिटिव केस भी मिले हैं। इसमें दीवानी न्यायालय की एक न्यायिक अधिकारी, ग्राम प्रधान, स्वास्थ कर्मचारी और व्यापारी शामिल हैं। जिले में पॉजिटिव केस की संख्या 3733 हो गई है। 580 केस एक्टिव हैं। कोरोना से अब तक 49 लोगों की मौत हो चुकी है।
धर्मापुर क्षेत्र निवासी एक वृद्ध की तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। तबीयत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया था। उपचार के दौरान मौत हो गई। इससे पहले 48 अन्य लोगों की जान जा चुकी है। उधर, रविवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल व स्टैटिक टीमों ने कैंप लगाकर जांच की। दीवानी न्यायालय की एक न्यायिक अधिकारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शहर के ईशापुर में स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीम ने 23 लोगों की जांच की। कोई पॉजिटिव नहीं पाया गया। कटघरा में भी 26 लोगों की जांच में कोई संक्रमित मिला। लखौआं बाजार में 20 लोगों की जांच में एक व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई। ब्लाक स्तरीय सीएचसी-पीएचसी, जिला अस्पताल, कोतवाली, रोडवेज डिपो व जेल में 26 स्टैटिक टीमों ने 1082 लोगों की एंटीजन किट से जांच की। इसमें 16 लोग पॉजिटिव पाए गए। इसी टीम ने वीटीएम से 601 लोगों का सैंपल भी लिया, जिसे लैब में भेजा जाएगा। मीरगंज के चौकी कलां में मछलीशहर सीएचसी की टीम ने 95 लोगों के सैंपल लिए। टीम में डॉ बीएल यादव, विजय कुमार मौर्य, राय साहब चौहान, चंदा यादव, ममता सिंह, वंदना सिंह आदि मौजूद रही। सिंगरामऊ में पीएचसी पर कैंप लगाकर 96 लोगों का एंटीजन रैपिड किट से जांच किया गया। चिकित्साधिकारी डॉ अभिषेक वर्मा ने बताया कि सिंगरामऊ प्रधान सहित आठ लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इस दौरान राकेश कुशवाहा, सुभाष यादव, अजय, अकरम आदि मौजूद रहे। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को 2007 सैंपल के रिजल्ट प्राप्त हुए, जिसमें 37 पॉजिटिव आए हैं। पहले से भर्ती 67 मरीज स्वस्थ्य होकर घर गए। अभियान के दौरान कुल 1759 नए सैंपल भी लिए गए। इसे मिलाकर 89032 सैंपल किए जा चुके हैं, जिसमें 86254 का रिजल्ट आ गया है।
आज यहां जांच करेंगी मोबाइल टीम
जौनपुर। कोरोना मरीजों की पहचान के लिए 31 अगस्त को शहर के ओलंदगंज बाजार में रैपिड एंटीजन किट से कोरोना की जांच की जाएगी। मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील वर्मा के निर्देशन में यह टीम काम करेगी। उनके सहयोग के लिए सिटी मजिस्ट्रेट सहदेव मिश्र व डिप्टी कलेक्टर मंगलेश दुबे को भी लगाया गया है। यह टीम बाजार के सभी दुकानदारों और वहां तैनात कर्मचारियों की कोरोना जांच करेगी।
तीन दुकानें एक सप्ताह के लिए बंद
जौनपुर। संपूर्ण बंदी के दौरान दुकानें खोलना तीन दुकानदारों को महंगा पड़ गया है। अब छह सितंबर तक उनकी दुकान नहीं खुलेगी। डीएम ने बताया कि कलेक्ट्रेट गेट के सामने मां वैष्णो डेयरी, अनिल जलपान और लाइन बाजार स्थित विजय कुमार के चाय की दुकान खुली पाई गई। लिहाजा इन्हें छह सितंबर तक दुकान खोलने की अनुमति नहीं रहेगी। सिटी मजिस्ट्रेट को इसका कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया गया है।