कोतवाली क्षेत्र के चौकी खुर्द गांव के एक मकान में शुक्रवार की देर रात छापेमारी कर एसडीएम ने अवैध ढंग से रखा गया 137 बोरी सरकारी अनाज बरामद किया।
इस दौरान मोहरें, रजिस्टर और इलेक्ट्रानिक कांटा भी मिला।पकड़े गए सामान को छापेमारी टीम ने कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
आरोपी के सरकारी अनाज की कालाबाजारी करने की शिकायत ग्रामीणों ने ऊसर एवं परती भूमि सुधार राज्यमंत्री जगदीश सोनकर से की थी। राज्यमंत्री ने डीएम को इस मामले में कार्रवाई करने को कहा था।
इस पर डीएम ने शुक्रवार को एसडीएम मड़ियाहूं रामकेश यादव और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में दो टीमें गठित कर मामले की जांच का निर्देश दिया।
शुक्रवार की देर रात एक साथ एसडीएम मड़ियाहूं और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में दो टीमों ने छापेमारी की। पहली टीम ने रात 12 बजे बरई चौराहा स्थित संतोष सिंह के कार्यालय पर छापा मारा, जहां से कोटेदारों के कई रजिस्टर,
ग्राम प्रधान और लेखपाल की फर्जी मोहरें हाथ लगीं। वहीं दूसरी टीम ने चौकी खुर्द गांव में आरोपी के घर पर छापेमारी की। इस दौरान टीम के हाथ भारतीय खाद्य निगम और पंजाब सरकार लिखा हुआ 137 बोरे अनाज और कांटा मिला।
इस संबंध में पूर्ति निरीक्षक आरके तिवारी ने कहा कि बरामद बोरियां सरकारी अनाज की हैं, जो कालाबाजारी के लिए रखी थीं। जिलाधिकरी की अनुमति मिलते ही संतोष सिंह के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।