जफराबाद। हौज ट्रामा सेंटर में तैनात आठ स्टाफ नर्सों को बिना सूचना के निकाल दिया गया है। नर्सों का आरोप है कि ट्रामा सेंटर में बने एल टू कोविड-19 अस्पताल में सीएमओ के आदेश पर जान जोखिम में डालकर सेवा किया। अब जब मानदेय मांगा तो बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। नर्सों ने शनिवार को जफराबाद विधायक हरेंद्र प्रसाद सिंह के पास पहुंचकर अपनी पीड़ा सुनाते समस्या निस्तारित करने की गुहार लगाई।
रूबी बरनवाल, शिप्रा यादव, रंजना मौर्य, पूजा भारद्वाज, प्रियंका ठाकुर, रंजना प्रजापति, ममता चौहान आदि स्टाफ नर्सों ने विधायक से बताया कि बिना किसी नोटिस व लिखित आदेश के ही अचानक सीएमओ ने उन्हें ट्रामा सेंटर पर ड्यूटी करने से रोक दिया है। हमारे अटेंडेंस रजिस्टर को भी हटवा दिया गया है। विधायक ने मामले में फोन से एजेंसी अवनी परिधि से वार्ता की। सीएमओ से भी बात करते हुए नाराजगी जताई। सीएमओ से कहा कि जब जिस एजेंसी के तहत यह सब काम कर रही थी, उस एजेंसी से आपको इन्हें हटाने के लिए लिखित नहीं मिला है तो आप इन्हें क्यों हटा रहे हैं। अगर हटाना है तो आप लिखित आदेश दीजिए। जिससे यह अगली कार्रवाई कर सकें। स्टाफ नर्स को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
विधायक जफराबाद हरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि इस मामले में एजेंसी से बात की गई है। इनके अटेंडेंस के हिसाब से सीएमओ के माध्यम से डिमांड लेटर भेजा जाए तो इनके भुगतान की व्यवस्था की जाएगी। सीएमओ ने शासन को पत्र भेजकर निर्देश मांगने की बात कही है। जल्द ही इनकी समस्या का समाधान कराया जाएगा।