थानागद्दी। केराकत कोतवाली क्षेत्र के नुआंव गांव में बुधवार को दो गुटों के बीच हुई मारपीट के बाद दूसरे दिन बृहस्पतिवार को तनावपूर्ण शांति बनी रही। गांव में एक कंपनी पीएसी की तैनाती है। एएसपी सिटी और सीओ ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों को सुरक्षा का भरोसा दिया। इस मामले में पुलिस ने 17 नामजद और 10 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बुधवार की दोपहर ग्राम पंचायत नुआंव के कचरा में बाइक तेज न चलाने की नसीहत देने पर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों में लात-घूंसे और लाठियां चली थीं। मारपीट में यूपी-112 के दो सिपाहियों समेत 12 लोग घायल हो गए थे। एएसपी सिटी डॉ. संजय कुमार ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। सीओ और एसओ संग मंत्रणा करते हुए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। घटना के बाद से गांव में सन्नाटा है। तनाव के मद्देनजर पीएसी की तैनाती की गई है। आरोपी घर छोड़कर फरार हैं। ग्रामीण घर से निकलने से डर रहे हैं। एसओ विनय प्रकाश सिंह ने बताया कि एक पक्ष से मिली तहरीर के आधार पर 17 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।