बदलापुर। अब वाराणसी-लखनऊ रेल मार्ग पर अब 130 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ट्रेनें दौड़ेंगी। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिहाज से 52 केजी के बजाय 60 केजी क्षमता का रेल पथ बनाया जा रहा है।
रेलवे स्टेशन श्रीकृष्ण नगर के वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर मनोज केशरी ने बताया कि रेलवे बोर्ड के आदेश पर पटरियों को 130 किलोमीटर की रफ्तार से ट्रेनों के दौड़ने लायक बनाया जा रहा है। पहले 52 केजी रेल पथ पर ट्रेन का संचालन होता है, जिसे 60 केजी का बनाया जा रहा है। यह काम वर्ष 2021 तक पूरा होने की संभावना है। नई पटरियों के बिछ जाने के बाद ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी तो समय की बचत और आय में बढ़ोत्तरी दोनों होगी। पहले वाराणसी से लखनऊ की यात्रा में 5.30 घंटे लगते थे, जो घटकर तीन घंटे तक हो सकता है। वाराणसी- लखनऊ वाया सुल्तानपुर रेल प्रखंड पर 30 जोड़ी ट्रेनों का संचालन होता था। कोरोना के कारण इस समय महज दस जोड़ी ट्रेनों का संचालन हो रहा है।