जौनपुर। लॉक डाउन-3 के दौरान दुकानों को खोलने का डीएम ने नया समय निर्धारित किया है। गर्मी और धूप को देखते हुए लोगों की सहूलियत के लिए समय परिवर्तित किया गया है। पूरे जिले में इसी समय सारिणी के आधार पर दुकानें खुलेंगी। इसके लिए सभी एसडीएम और सीओ को निर्देशित किया गया है।
नए निर्देश के तहत अब सब्जी, फल, दूध, अंडा, ब्रेड की दुकानें सुबह 6 से शाम 5 बजे तक खोली जा सकती हैं। दवा की दुकानें पहले ही तरह ही 24 घंटे खुलेगी। खाद्यान्न, किराना, पशु आहार, खाद बीज, पंखा कूलर व बिजली के सामान की दुकान, किताबों की दुकान, मोबाइल रिचार्ज व मरम्मत की दुकान, ग्रामीण क्षेत्र में ट्रैक्टर व थ्रेसर आदि के मरम्मत की दुकान, ग्रामीण क्षेत्र में मौरंग गिट्टी बालू की दुकान, खाद्यान्न सामग्री को रखने व पैक करने की सामग्री की दुकान, बोरी व बखारी की दुकान सुबह 8 से अपराह्न 2 बजे तक खुलेंगी। पहले दुकानों को खोलने के लिए सुबह 10 से शाम 5 बजे तक का समय निर्धारित किया था। इससे तीखी धूप के कारण ग्राहकों को घर से बाहर निकलने में दिक्कत होती थी। दुकान खोलने के बाद दुकानदार ग्राहक का इंतजार ही करते रह जाते थे। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि सभी दुकानदार इस निर्देश के तहत दुकान खोलें। इसका उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।