जौनपुर। प्रदेश के शहरी विकास व नियोजन राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने मंगलवार को जिला अस्पताल में बीएसएल-2 लैब व ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन किया। लैब से जांच व प्लांट से ऑक्सीजन आपूर्ति की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। लैब से अब आरटी-पीसीआर की जांच जिले में ही हो पाएगी।
फीता काटकर उद्घाटन करने के बाद राज्य मंत्री ने कहा कि लैब खुल जाने से जिले के लोगों को राहत मिलेगी। कोविड-19 के संभावित मरीजों को उसी दिन रिपोर्ट मिलने से समय से चिकित्सीय उपचार शुरू कर दिया जाएगा। पहले सैंपल बीएचयू वाराणसी जाता था, जिसकी रिपोर्ट आने में तीन से चार दिन लग जाते थे। इसलिए इलाज शुरू करने में देर होती थी और मरीज को भी निरंतर खतरा बना रहता था। अब यह दिक्कत नहीं रहेगी। पीएम केयर फंड से बने ऑक्सीजन प्लांट से जिला चिकित्सालय में 66 बेड तक सेंट्रलाइज ऑक्सीजन सप्लाई होगी। उद्घाटन के मौके पर सीएमओ डॉ राकेश कुमार, सीएमएस डॉ. अनिल कुमार शर्मा, सभासद मनीष श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
---
डीएम ने किया एल-2 अस्पताल का निरीक्षण
जौनपुर। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने सोमवार की रात जिला अस्पताल में बने एल-2 अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों को निर्देश दिया कि मरीजों का अच्छे से इलाज करें। भोजन, दवा, साफ -सफाई और सैनिटाइजेशन में कोई कमी न रखें। किसी भी प्रकार की समस्या हो तो अविलंब अवगत कराएं, जिला प्रशासन सहयोग करने के लिए संकल्पित है। इस अवसर पर सीआरओ राजकुमार द्विवेदी, ईओ संतोष मिश्रा आदि उपस्थित रहे।