जौनपुर। अंगूठे के निशान का मिलान न होने से ईकेवाइसी से वंचित राशन कार्डधारकों को चिंतित होने की जरूरत नहीं है। ऐसे कार्डधारकों की आंखों की रेटिना से भी ई-केवाईसी की जाएगी। इस व्यवस्था से उन लोगों को लाभ मिलेगा जिनके अंगूठे के निशान मिट चुके है। जिले में पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों की संख्या 686078 है। इसमें 3077398 यूनिट राशन का वितरण किया जा रहा है। अंत्योदय कार्ड धारक कुल 125472 है इनमें 418528 यूनिट राशन वितरण किया जा रहा है। कुल 811550 कार्डधारकों में 3495926 यूनिट शामिल है। जिले में 34 लाख 86 हजार 280 यूनिट की ई-केवाईसी किया जा रहा है। इसमें से 26 लाख 94 हजार 910 ईकेवाईसी पूरा कर लिया गया है। ईकेवाइसी की सुविधा सरकारी राशन की दुकानों पर निशुल्क उपलब्ध है। हालांकि अभी 791370 यूनिट की ई-केवाईसी की जानी है। सरकारी राशन की दुकानों पर बायोमीट्रिक प्रक्रिया में अंगूठे का मिलान न हो पाने के कारण केवाईसी में समस्या आ रही है। यह समस्या बुजुर्गों और बच्चों के साथ अधिक है। हालांकि अब आइरिश स्कैन की मदद से भी ईकेवाईसी कराई जा सकेंगी। सभी कोटेदारों के ई-पाश मशीन में स्कैनिंग की सुविधा दी गई है। इससे ई-केवाईसी की गति में प्रगति आएगी। इस विधि से उपभोक्ताओं को ईकेवाइसी से वंचित नहीं होना पड़ेगा।
शासन की ओर से आइरिश स्कैन की व्यवस्था भी लागू कर दी है। कोटेदारों को ई-केवाईसी करने का निर्देश दिया गया है। उपभोक्ता किसी राशन की दुकान पर ई-केवाईसी करा सकते हैं। -संतोष विक्रम शाही, जिला पूर्ति अधिकारी।