जौनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस की नाक के नीचे लंबे समय से ऑनलाइन सट्टे का बाजार चल रहा है। अब तो मोबाइल पर भी कारोबार हो रहा है। रोजाना एक हजार से एक लाख का दांव लगता है। क्रिकेट के साथ ही लोकसभा चुनाव में किसे टिकट मिलेगा, किसकी सरकार बनेगी आदि को लेकर भी सट्टा लगाया जाता रहा है। बीते दिनों पांच राज्यों के चुनाव को लेकर भी सटोरियों ने दांंव लगाया था। अभी लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर इंडिया गठबंधन व बीजेपी प्रत्याशी कौन होगा, इस पर दांव लग रहे हैं। पुलिस प्रशासन को इसका सुराग मिला है। अधिकारियों का कहना है कि कई सट्टेबाज पुलिस के निशाने पर हैं। जल्द कार्रवाई हो सकती है।
नगर के कोतवाली क्षेत्र के लाल दरवाजा, अचला देवी घाट, उर्दू बाजार चौराहे पर, जौनपुर जंक्शन रोड, ईशापुर चौराहा, ओलंदगंज में सट्टा खेलवाया जा रहा है। इसमें शहर में करीब 15 से 20 व्यापारी है जिनके द्वारा रोजाना एक हजार रुपये से एक लाख रुपये तक दांव लगाया जाता है। इसमें लगाई धनराशि का दस गुना या फिर रोमांचक स्थिति पर भाव तय होता है। अभी कुछ दिनों पहले तो पांच राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलांगाना, असम के चुनाव पर सटोरियों ने दांव लगाया था। किसकी सरकार बन रही है किसकी बिगड़ रही है, इस पर भाव तय हुआ था।
ऐसे लगाया जाता है पैसा
लोग सट्टेबाजों को फोन व मेसेज करके भाव लगाने को कहते हैं। यह काम क्रेडिट पर करते हैं, लेकिन छोटी धनराशि है तो ऑनलाइन ट्रांसफर के जरिए करते हैं। किसी ने एक हजार रुपये लगाया तो जीतने परा मानो उसे 10 गुना मिलना है तो वह सटोरिये से 10 हजार रुपये लेता है लेकिन हार गया तो उतनी धनराशि सटोरिये को वापस देगा। नहीं जमा करने पर ब्याज सहित रकम देनी होती है। इस लत में अधिकतर युवा फंसे हैं। सट्टे के चक्कर में कई परिवार बर्बाद हो रहे हैं।.
कोतवाली क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार होने का मामला संज्ञान में है। जल्द ही पुलिस इसका पर्दाफाश करेगी।-डाॅ.अजयपाल शर्मा, पुलिस अधीक्षक।