जौनपुर। जंघई से मछलीशहर फोरलेन के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य शुरू हो गया है। अब नोटिस भेजा जा रहा है। यह सड़क 49 किमी लंबी बनाई जाएगी। इसके तहत शासन से एक सप्ताह पूर्व 87 करोड़ रुपये मिल गया है। धनराशि मिलते ही अब 22 गांवों के चार हजार काश्तकारों को नोटिस भेजा जा रहा है। अभी तक 10 गांवों के करीब दो हजार किसानों को नोटिस भेजा जा चुका है।
जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 731-बी मछलीशहर-जंघई तक फोरलेन का निर्माण किया जाना है। यह सड़क आगे दुर्गागंज, भदोही, कपसेठी, वाराणसी मार्ग तक जाएगी। इसके तहत जिले में करीब चार हजार से अधिक काश्तकारों को 101 करोड़ से अधिक का मुआवजा दिया जाना है, इसमें से शासन से 87 करोड़ रुपये प्राप्त हुए है। इसमें कुल 50.97 हेक्टेयर भूमि ली जाएगी, इसमें अर्जित क्षेत्रफल 20 हेक्टेयर, सरकारी भूमि 26 हेक्टेयर, निजी व सरकारी भूमि पांच हेक्टेयर है। प्रतिकर भुगतान नोटिस वितरण किया जा चुका है। तहसीलदार मछलीशहर से सीसी फाइल बनवाई जा रही है। इसमें काश्तकारों का आधार, पासबुक, पैन कार्ड का फोटो स्टेट, हलफनामा, पासपोर्ट फोटो लगाना होगा।
इन 22 गांवों की जा रही भूमि, किया जा रहा अधिग्रहण:-
इसके तहत अदारी, बरावां, बरहता, बभनियावं, भिखारीपुर, विशुनपुर, चौकीकलां, चौकीकलां, चौकीखुर्द, गोधना, जगदीशपुर, कल्यानपुर, किशुनदासपुर, कोटवा, लासा, कस्बा घिसुआ खास, मुजहना, मोलनापुर, रामगढ़, सेमरी, सिसवां, ताजुद्दीनपुर, तिलोरा गांवों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है।
मछलीशहर से जंघई मार्ग 731-बी के तहत किसानों को नोटिस देकर वितरण किया जा रहा है। इसके बाद लेखपालों द्वारा भूमि से जुड़े अभिलेख तैयार करके तहसील में दी जाएगी। इसके बाद वहां से भुगतान की फाइल आने पर काश्तकारों के खाते में मुआवजा भेजा जाएगा। शासन से इसके लिए 87 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है। - गणेश प्रसाद सिंह, एडीएम भू-राजस्व।