केराकत (जौनपुर)। भाजपा मंडल उपाध्यक्ष महेंद्र नाथ पाठक ने पुलिस के दुर्व्यवहार से क्षुब्ध होकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा अध्यक्ष मछलीशहर भाजपा कमेटी को सौंप दिया। उनके साथ बूथ अध्यक्ष व सेक्टर प्रभारी ने भी अपना इस्तीफा दिया। उन्होंने कहा कि जब इस शासन में भाजपा के सदस्यों की ही बातें नहीं सुनीं जा रही हैं तो इसका सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि आम लोगों का हाल क्या होगा। इस बाबत केराकत मंडल अध्यक्ष संजय सिंह का कहना है कि व्हाट्सएप पर इस्तीफा मिला है। उनसे वार्ता की जा रही है। जिलाध्यक्ष रामविलास पाल ने जानकारी से इंकार किया। कहा कि अभी तक मेरे पास इस्तीफा नहीं आया है। अगर मिलेगा तो उस पर विचार कर समुचित निर्णय लिया जाएगा।