जौनपुर। नो हेलमेट नो फ्यूल की रणनीति 27 जनवरी से लागू की गई है। लेकिन यह नियम शहर से लेकर गांव तक अधिकांश पेट्रोल पंपों पर नहीं दिखा। धड़ल्ले से बिना हेलमेट के पेट्रोल दिया जा रहा है। हालांकि ज्यादातर बाइकसवारों ने नियम की जानकारी न होने की बात कही। ऐसे में सड़क हादसे में कमी लाने की मुहिम चुनौती भरी होगी। हेलमेट नहीं पहनने के कारण सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु पर अंकुश लगाने के लिए 27 जनवरी से शासन की ओर से नो हेलमेट नो फ्यूल की रणनीति लागू की गई है। सोमवार को अमर उजाला के पड़ताल में शहर में तीन पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट के बाइक सवार पेट्रोल भराते नजर आए। चंदवक: थाना क्षेत्र के तीन पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट के पेट्रोल धड़ल्ले से बिक्री किया जा रहा है। कुछ पेट्रोल पंप संचालक हेलमेट रखकर आने वाले बाइक सवारों को पेट्रोल देते नजर आए। शाहगंज : आजमगढ़ मार्ग स्थित बाईपास समीप पेट्रोल पंप, जौनपुर मार्ग व सुल्तानपुर मार्ग स्थित पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट के पेट्रोल भरवाते नजर आए। सिंगरामऊ : पेट्रोल पंप पर हेलमेट लगाने वाले को ही पेट्रोल दिया गया। ऐसी स्थिति में ज्यादातर मोटरसाइकिल सवार नियम की जानकारी न होने का हवाला देते नजर आए।
27 जनवरी से नो हेलमेट नो फ्यूल की रणनीति लागू की गई है। पेट्रोल पंपों के संचालकों को बिना हेलमेट पेट्रोल भराने आने वाले लोगों को ेहेलमेट लगाने के लिए जागरूक करने के लिए कहा गया है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। -एसके सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन