जौनपुर। नगर पालिका परिषद जौनपुर की ओर से 39 वार्डों में से सिर्फ 10 वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान सीमित है। 29 वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान नहीं हो रहा है। कूड़ा उठान का ठेका रायबरेली की एक कंपनी को मार्च में दिया गया था। छह माह बीतने के बाद भी अभी तक वार्डो की संख्या नहीं बढ़ाई गई। जिन वार्डों में यह काम हो रहा है वहां भी पूरी तरह से उठान नहीं हो पा रहा है।
शहर में रायबरेली की पृथ्वी एग्रो फार्म प्रोड्यूसर कंपनी की ओर से 11 मार्च से कूड़ा उठान कराया जा रहा है। कंपनी सूखा और गीला कचरा अलग-अलग उठवा रही है। इसके लिए नगरपालिका ने वाहन मुहैया कराया तो कंपनी ईंधन और अपने स्टाफ से कूड़ा उठान करा रही है। इसके लिए आवासीय भवनों में 35 रुपये से 125 रुपये तक शुल्क वसूला जा रहा है। हालांकि 500 वर्ग फीट से ज्यादा होने पर अलग से शुल्क लिया जाएगा। पहले यह काम दूसरी कंपनी कर रही थी। भुगतान न होने पर उसने काम छोड़ दिया।
......................................................
इन 10 वार्डो में कूड़ा उठान
नगर में 39 वार्ड हैं, इसमें से केवल 10 में से ही कूड़ा उठान हो रहा है। इसमें रामनगर, हुसैनाबाद, मियांपुर, वाजिदपुर, जहांगीराबाद वार्ड, उमरपुर, नईगंज, तारापुर, बेगमगंज और ईशापुर वार्ड में ही कूड़ा उठान हो रहा है।
.......................................................
केस 1:- नगर के उमरपुर के परमानतपुर निवासी आशीष उपाध्याय ने बताया कि डोर-टू-डोर कूड़ा उठान के लिए गाड़ी उनके दरवाजे पर नहीं आती है। नगर पालिका के कर्मचारी को बुलाना पड़ता है। इसके बाद वह आते हैं।
.......................................................
केस 2 :-नगर के ईशापुर वार्ड निवासी पवन गुप्ता ने बताया कि हमारे घर पर डोर-टू-डोर की गाड़ी नहीं पहुंचती है। ऐसे में मोहल्ले में लोग सड़कों पर कूड़ा फेंकते हैं।
.......................................................
वर्जन ...
कूड़ा उठाने वाली फर्म की तरफ से अभी तक सिर्फ 10 वार्डो में कूड़ा उठान कराया जा रहा है। इसको अन्य वार्डो में जल्द शुरू कराया जाएगा। इसको लेकर संबंधित फर्म से बातचीत की जा रही है।
- पवन कुमार, ईओ, नगर पालिका परिषद जौनपुर।