बदलापुर खुर्द गांव में 20 जुलाई की शाम धारदार हथियार से की गई निसार की हत्या के मामले में रविवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि यह हत्या एक लड़की के चक्कर में हुई है। निसार तथा हत्यारोपी के बीच उसी लड़की को लेकर आए दिन तू-तू मैं-मैं हुआ करती थी। दोनों पक्ष एक-दूसरे को देख लेने की धमकी आए दिन दिया करते थे।
20 जुलाई को घर से छह सौ मीटर दूर बकरी चराने गये 19 वर्षीय निसार की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता मुहम्मद हारून की तहरीर पर पुलिस पांच लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश में जुटी थी। प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार उपाध्याय को मुखबिर से सूचना मिली कि निसार हत्याकांड का मुख्य आरोपी विनय यादव अपने एक अन्य साथी शुभम यादव निवासी रारीखुर्द के साथ उसरा बाजार में कहीं भागने की फिराक में खड़ा है। जिसे पुलिस ने दबोच लिया। पूछताछ के दौरान शुभम यादव ने भी घटना में शामिल होने की बात स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों की चालान न्यायालय भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि हत्या की घटना में अन्य संलिप्त लोगों की तलाश उनके सम्भावित ठिकानों पर की जा रही है। जिस कुल्हाड़ी से लोगों ने निसार की हत्या की है। वह कुल्हाड़ी गिरफ्तार आरोपियों के अन्य साथियों के कब्जे में है। बहुत जल्द उन आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।