पूर्वांचल की आस्था शीतला चौकिया धाम का तीन दिवसीय श्रृंगार महोत्सव 23 से जनवरी से आयोजित किया गया है। इसकी तैयारी में कोलकाता, वाराणसी और मुंबई के कलाकार लगे हुए हैं। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी मां का धाम रात रानी के फूलों से महकेगा। इसके लिए दस प्रजाति के फूल मंगाए गए हैं।
जिसमें मुख्य रूप से रात रानी के फूलाें से मां का श्रृंगार होगा। कलाकारों ने रंग बिरंगे झालरों के माध्यम से मां के पूरे धाम को दुल्हन की तरह सजाया है। श्रृंगार महोत्सव 25 जनवरी तक चलेगा। तीन दिन तक चलने वाले महोत्सव में पहले दिन सुबह पांच बजे भव्य आरती के साथ मंदिर का कपाट खुलेगा। इसके बाद तीनों दिन पुरोहितों द्वारा मंत्रोच्चार किया जाएगा। जिसमें मां शीतला को 56 भोग का चढ़ावा चढ़ाया जाएगा।
मां के दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों की भीड़ लग जाती है। तीनों दिन मंदिर के अंदर कोई नही जा पाएगा। लोगों को दर्शन करने के लिए मां की चरण पादूका बाहर रखा जाएगा। भक्त मां के चरण छूकर ही दर्शन पूजन करेंगे। मंदिर के प्रबंधक अजय कुमार पंडा ने बताया कि श्रृंगार महोत्सव के लिए तैयारियाें को अंतिम रूप दिया जा रहा है।