मीरगंज। मछलीशहर से वाराणसी जा रही एनएच 731-बी पर चौकी खुर्द गांव के पास अंधे मोड़ पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए रंबल स्ट्रिप (ब्रेकर) बनाया है। ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी आ सके। मछलीशहर से वाराणसी जा रही एनएच 731-बी अभी निर्माणाधीन है। सड़क मछलीशहर से मोलनापुर तक बनी है। सड़क बनते ही वाहन तेजी गति से निकल रहे हैं। इससे चौकी खुर्द गांव के पास अंधे मोड़ पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। सोमवार को गरियांव निवासी लकडू बनवासी की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। कुछ दिन पहले भी चौकी खुर्द गांव निवासी साधू उपाध्याय तथा एक माह पूर्व सुजानगंज निवासी बाइक सवार आयुष सरोज की मौत हो चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है की एनएच सड़क पर इतना बड़ा मोड़ नहीं होना चाहिए। अंधा मोड़ होने से रोज दुर्घटनाएं हो रही हैं। एनएच ने चौकी खुर्द गांव के पास 6 जगह रंबल स्ट्रिप ब्रेकर का निर्माण कराया है। ब्रेकर की ऊंचाई 7.5 मिमी रखी गई है। इस बाबत अधिशासी अभियंता डीपी सिंह ने बताया कि हादसों को देखते हुए रंबल स्ट्रिप बनवाया गया है।