वाराणसी। नवागत जिलाधिकारी रवींद्र कुमार मांदड़ ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण किया। इसके पहले उन्होंने शीतला चौकिया धाम में मत्था टेका। उन्होंने कहा कि टीम बनाकर काम करेंगे। ग्रहण किया पदभार, कहा टीम के साथ काम करेंगे। विकास योजनाओं को समय से और गुणवत्तापूर्ण कराना उनकी प्राथमिकता होगी।
जिलाधिकारी रवींद्र कुमार मांदड़ शुक्रवार को सुबह जौनपुर पहुंचे। दर्शन-पूजन के बाद वे सीधा कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ट्रेजरी कार्यालय पहुंचे और पदभार ग्रहण किया। इसके बाद तुरंत ही कलेक्ट्रेट सभागार में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों संग बैठक की और जिले की योजनाओं का हाल जाना। इसके बाद अपने कार्यालय पहुंचकर उन्होंने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और जनता के सुझाव से भी जिले का विकास करेंगे। प्राथमिकताओं को बताते हुए उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं को समय से व गुणवत्तापूर्ण तरीके पूरा कराना, जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान कराना, राजस्व से जुड़े न्यायिक मामलों को समाप्त कराना है। इसमें सभी का सहयोग भी लेंगे। इसके पहले रवींद्र कुमार मांदड़ रामपुर जिले के जिलाधिकारी थे।
नजारत कार्यालय का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित नजारत कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों से फाइलों के रख-रखाव एवं साफ-सफाई का विशेष ध्यान देने को कहा। कहा कि कार्यालयों में आम जनमानस को किसी भी प्रकार की समस्या न हो। उनकी शिकायतों को गंभीरता पूर्वक सुनते हुए समाधान कराएं। इसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान सीडीओ साईं तेजा सीलम, एडीएम वित्त एवं राजस्व राम अक्षयवर चौहान, सीआरओ गणेश प्रसाद आदि मौजूद रहे।