जलालपुर। जिला निर्वाचन कार्यालय की लापरवाही के चलते एक ही महिला शिक्षक की पंचायत चुनाव में दो-दो ड्यूटी लगा दी गई है। दो-दो ड्यूटी मिलने से हैरान महिला शिक्षक को यह समझ में नहीं आ रहा कि वह कौन सी ड्यूटी करें और कौन सी छोड़े।
जलालपुर विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय पुरेव द्वितीय पर तैनात शिक्षिका रेखा गुप्ता को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदान कार्मिक की ड्यूटी तीन दिन पहले मिली थी। जिसके मुताबिक उन्होंने 7 अप्रैल को एक बजे से 4 बजे तक मां दुर्गाजी सीनियर सेकेंडरी विद्यालय सिद्दीकपुर में प्रशिक्षण लिया। चुनाव ड्यूटी के लिए उन्हें 14 अप्रैल को विकास खण्ड सुजानगंज के राष्ट्रीय इंटर कालेज सुजानगंज में पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है। गुरुवार को उन्हें चुनाव ड्यूटी का एक दूसरा पत्र भी मिल गया जिसमें उन्हें पंचायत चुनाव में रिजर्व ड्यूटी पर तैनाती के लिए कहा गया है। इसके लिए उन्हें शुक्रवार को मां दुर्गा जी सीनियर सेकेंड्री स्कूल सिद्दीकपुर में प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया था। चुनाव में एक ही दिन दो-दो ड्यूटी मिलने से वह हैरान हैं। उन्होंने समस्या के समाधान के लिए उच्च अधिकारियों से शिकायत की है।