जौनपुर। जनपद में अमृत सरोवर के तहत 250 तालाब तैयार कर लिए गए हैं। इस बार 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इन तालाबों के किनारे राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराया जाएगा। इसके लिए 150 से अधिक तालाबों के किनारे चबूतरा का भी निर्माण कराया गया है ताकि आन-बान और शान से तिरंगा फहराता रहे।
जल और पर्यावरण संरक्षण के लिहाज से अमृत सरोवरों की खोदाई कराई जा रही है। इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायतों में एक-एक एकड़ जमीन तलाश कर तालाब की खोदाई कराई जा रही है। सभी तालाब के किनारे इसी दिन वृहद पौधरोपण भी होना है। हालांकि इसके लिए 15 अगस्त तक 348 तालाब की खोदाई का लक्ष्य रखा गया, लेकिन लेटलतीफी के कारण 250 तालाब ही तैयार हो पाए हैं। इनमें 150 तालाब ऐसे हैं, जहां ध्वजारोहण के लिए चबूतरा का निर्माण कराया गया है। हालांकि अधिकांश तालाबों में अभी पक्के कार्यों की शुरुआत नहीं हो सकी है।
वर्जन
स्वतंत्रता दिवस पर 250 अमृत सरोवरों पर तिरंगा फहराया जाएगा। इसके लिए अमृत सरोवर तैयार कराए गए हैं। इसमें 150 तालाबों के किनारे ध्वजारोहण के लिए चबूतरा का निर्माण कराया जा चुका है, जो स्थान चिह्नित किए गए हैं, वहां भी ध्वजारोहण कराने के लिए ग्राम सचिवों सहित ग्राम प्रधानों को निर्देशित किया गया है। - भूपेंद्र सिंह, उपायुक्त मनरेगा