गौराबादशाहपुर। नगर पंचायत गौराबादशाहपुर कार्यालय परिसर में बोर्ड की बैठक बुधवार को होनी थी, लेकिन सभासदों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। ऐसे में बैठक टाल दी गई। अब अगली बैठक 30 सितंबर को की जाएगी। नगर पंचायत क्षेत्र में कराए जाने वाले कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक और आगामी कार्यों की रणनीति के लिए बुधवार को बोर्ड की बैठक बुलाई गई थी। दोपहर दो बजे से होने वाली बैठक में जैसे ही सभासद नगर पंचायत कार्यालय में पहुंचे वैसे ही बैठक का बहिष्कार कर दिया। नगर पंचायत कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर अपना विरोध जताया। सभासदों ने कहा कि नगर पंचायत गौराबादशाहपुर की अध्यक्ष सीतामनी सोनकर हैं। जबकि उनके प्रतिनिधि सभासदों के साथ सही ढंग से बातचीत नहीं करते। मनमाने ढंग से कार्य कराने का भी आरोप लगाया। प्रदर्शन करने वालों में आसिफ सिद्दकी, शिशवंश सिंह, सिकंदर यादव, मनोज यादव, डीपी पाल शामिल थे। इस मामले में ईओ डॉ. अनुपम सिंह ने कहा कि बोर्ड की बैठक दो बजे से निर्धारित थी। चेयरमैन मौजूद थीं। वार्ड दो की सभासद के अलावा कोई सभासद मौजूद नहीं था। बस सभासद के प्रतिनिधि आए थे। ऐसे में दो बजकर 20 मिनट पर बैठक को स्थगित करते हुए 30 सितंबर अगली तिथि तय की गई है।