सिकरारा। अनीस हत्याकांड में षड़यंत्र रचने वाले मुख्य आरोपी मुस्तकीम की पत्नी को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस हत्याकांड में नामजद चारों आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। थानाध्यक्ष यजुवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अनीस की हत्या मामले की जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी मुस्तकीम हाशमी की पत्नी शाहिदा बेगम की भी हत्या की साजिश रचने में खास भूमिका थी। सूचना पर शुक्रवार दोपहर 12.15 बजे बरिया की पाही के पास विसांवा गांव से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले में मुस्तकीम व उसके पुत्र आतिफ उर्फ पांडू, अनिकेत व प्रिंस पर हत्या का मुकदमा दर्ज है। विवेचना के बाद आरोपी मुस्तकीम हाशमी की पत्नी का नाम सामने आने पर साजिशकर्ता के रूप में नाम जोड़ने के बाद मुकदमा दर्ज किया गया।
रीठी बाजार में चाकू मारकर की गई थी हत्या
रीठी गांव निवासी मोहम्मद अनीस खान की बीते मंगलवार की शाम उस समय चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह घर से बाजार के लिए निकला था। पड़ोसी युवक ने अपने साथियों के साथ घटना को अंजाम दिया था। घटना के समय सीने पर चाकू से तीन वार हुए थे। घटना के समय लोगों को लगा था कि गोली मारकर हत्या हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चाकू लगने से हत्या का खुलासा हुआ था।