जौनपुर। बाहुबली मुख्तार अंसारी के नाम पर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले के खिलाफ सीजेएम कोर्ट में वाद दायर किया गया है। पीड़ित ने मामले में कोर्ट में प्रार्थनापत्र दिया था।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के भरोठा गांव निवासी नूर मोहम्मद ने सीजेएम की अदालत में अधिवक्ता उपेंद्र विक्रम सिंह के माध्यम से प्रार्थनापत्र दिया था। उसका आरोप था कि 20 मई की शाम 8 बजे उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने उसे गालियां व धमकी देते हुए पांच लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। यह पूछने पर कि कौन बोल रहे हो तो बताया कि वह मुख्तार अंसारी का आदमी है। रुपये देने में आनाकानी की तो गोलियों से शरीर छलनी कर दिया जाएगा। रुपये की जब व्यवस्था हो जाए तो फोन कर बता देना, हम लोग आकर रुपये ले लेंगे। डरे सहमे वादी ने घटना की सूचना थाना सरायख्वाजा व एसपी को दी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर उसने कोर्ट में गुहार लगाई।