गोली लगने से घायल युवक की हालचाल लेने ट्रामा सेंटर वाराणसी पहुंची मछलीशहर से सपा सांसद प्रिया स
चंदवक। थानाक्षेत्र के महुली गांव में क्रिकेट खेलने जा रहे युवक को गोली मारने की घटना के बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। मामले में अब नया मोड़ आ गया है। घायल को ट्राॅमा सेंटर से देखकर लौटीं मछलीशहर सपा सांसद प्रिया सरोज को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी गई। सांसद ने अपने निजी सचिव को थाने भेजकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज सोमवार रात वाराणसी ट्राॅमा सेंटर गईं। वहां उन्होंने गोली से घायल विशाल यादव का हालचाल लिया। युवक की हालत स्थिर बताई गई। उन्होंने परिजनों को आर्थिक सहायता भी दी। इधर घर आने पर सांसद को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी वायरल होने लगी। सांसद के निजी सचिव सूरज सरोज ने बताया कि 20 दिसंबर को चंदवक थानाक्षेत्र के मारिकपुर गांव निवासी सुरेंद्र राजभर ने आपत्तिजनक टिप्पणी की। आरोपी ने सांसद के लिए जातिसूचक अपशब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें संबोधित किया।