यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन बहिष्कार के नौवें दिन मंगलवार को माध्यमिक शिक्षकों ने आंदोलन स्थगित कर मूल्यांकन कार्य शुरू कर दिया। राज्य मुख्यालय पर शिक्षक नेताओं से मुख्यमंत्री की वार्ता के बाद आंदोलन स्थगित करने का एलान किया गया।
शिक्षक नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनकी सभी प्रमुख मांगों को मान लिया है। लखनऊ से शिक्षक नेताओं का संकेत मिलते ही सभी मूल्यांकन केंद्रों पर कोठार के ताले खोल दिए गए और कापियां जांचने का काम शुरू कर दिया गया। उप प्रधान परीक्षक ने 10-10 कापियों को माडल के तौर पर जांच कर मूल्यांकन कार्य का शुभारंभ किया।
बता दें जिले में कुल सात मूल्यांकन केंद्रों पर 3238 परीक्षक तैनात किए गए हैं। परीक्षकों की निगरानी के लिए सभी केंद्रों पर एक-एक आब्जर्वर की तैनाती संयुक्त शिक्षा निदेशक के स्तर से की गई है। जिले में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से 14 लाख कापियां आई हैं। मूल्यांकन का कार्य 30 मार्च से शुरू किया जाना था लेकिन पुरानी पेंशन बहाली समेत शिक्षक हितों से जुड़ी कई अन्य मांगों को लेकर माध्यमिक शिक्षक संघ के सभी घटक दलों ने मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार कर दिया था।
नौवें दिन मंगलवार को सीएम ने शिक्षक संगठनों के प्रदेश नेतृत्व के साथ वार्ता कर उनकी मांगे पूरी करने का आश्वासन दिया तो शिक्षकों ने आंदोलन स्थगित करने का एलान कर दिया। लखनऊ से ही शिक्षक नेताओं का फरमान जारी होते ही मूल्यांकन केंद्रों पर चल रहा धरना स्थगित कर दिया गया। डीआईओएस गिरधारीलाल कोली ने कहा कि शिक्षकों ने हड़ताल वापस ले ली है। सभी केंद्रों पर मूल्यांकन शुरू कर दिया गया है।