खुटहन। तिघरा बाजार स्थित पुलिया पर बृहस्पतिवार को बाइक फिसलने से ट्रक के नीचे दबकर एक महिला की माैत हो गई। हादसे में महिला का पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला चिकित्सालय भेजवाया। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जफराबाद थाना क्षेत्र के काजी अहमदपुरनूर निवासी साजिद (19) पुत्र अशरफ अपनी मां अनीशा (45) को बाइक पर बैठाकर पट्टीनरेंद्रपुर अपने ननिहाल से वापस घर जा रहा था। पुलिया के पास उसकी बाइक फिसल गई। इस बीच सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गया। बाइक पर बैठी अनीशा दाहिनी तरफ सड़क पर गिर गईं। ट्रक का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
बाइक चला रहा साजिद बाई तरफ गिरा इससे वह बच गया लेकिन गंभीर रूप से घायल हो गया। मौका पाकर ट्रक चालक वाहन सहित भाग गया। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।