जौनपुर। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शुक्रवार की शाम को हुए सड़क हादसों में दो महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। घटनाएं केराकत कोतवाली क्षेत्र के थानागद्दी बाजार स्थित नया चौराहा, शेरपुर छित्तूपुर बाजार, रामपुर थाना क्षेत्र के रामपुर बाजार और सुजानगंज थाना क्षेत्र के छंगापुर गांव के पास हुईं।
थानागद्दी: छातीडीह जलालपुर निवासी अभिषेक कुमार अपने ननिहाल घुड़दौड़ थाना चंदवक से अपनी माता प्रेमलता (43) के साथ बुलेट से अपने घर छातीडीह पराऊगंज लौट रहा था। वह थानागद्दी नया चौराहा पहुंचा, इसी समय सामने से आ रहे ट्रक को देखकर घबरा गया और पास लेने के चक्कर में बुलेट अनियंत्रित होकर सड़क की गड्ढे युक्त पटरी में उतर गई। बुलेट के गड्ढे में उतरने से झटका खाकर पीछे बैठी महिला सड़क पर लुढ़क गई और ट्रक के पिछले पहिया के चपेट में आ गई। मौके पर ही महिला ने दम तोड़ दिया। ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक का पीछा किया और नाऊपुर स्थित झूला कंपनी के पास पकड़ लिया।
खुटहन : सुल्तानपुर जिले के करौंदी थाना क्षेत्र के शहाबुद्दीनपुर गांव निवासी संतोष प्रजापति शनिवार को अपनी बड़ी बहन निशा (23)को बाइक से किसी काम से जौनपुर ले जा रहा था। शेरपुर छित्तूपुर बाजार में पीछे से गिट्टी लादकर तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। इससे निशा दाहिनी तरफ सड़क पर गिर गई। ट्रैक्टर ट्राली का पहिया उसके ऊपर से चला गया। मौके पर पहुंची पुलिस उसे सीएचसी ले गई। जहां चिकित्सकों ने युवती को मृत घोषित कर दिया।
सुजानगंज: अरुवा गांव निवासी लल्लू रजक (50) बाहरपुर मोड़ पर कपड़ा प्रेस करते थे। शुक्रवार की शाम को दुकान बंद कर घर जा रहे थे। इसी दौरान सुजानगंज की तरफ से आ रही अनियंत्रित बाइक की चपेट में आने से गंभीर रूप घायल हो गए। घायलावस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस दौरान रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मृतक के पुत्र विशाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मृतक के चार पुत्र और एक पुत्री है। थानाध्यक्ष रोहित मिश्रा ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
रामपुर: थाना क्षेत्र के फजुलहां गांव निवासी रविंद्र गौतम (35) शुक्रवार की शाम लगभग छह बजे रामपुर बाजार सामान खरीदने आया था। घर जाते समय अज्ञात वाहन धक्का मार कर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने सड़क पर गिरे व्यक्ति की पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन इलाज के लिए रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहां पर गंभीर हालत होने पर चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। इस दौरान वाराणसी ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि शुक्रवार की शाम को दुर्घटना हुई थी, परिजन बिना सूचना दिए ही इलाज के लिए ले गए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
कार सवार युवक ट्रक में घुसे दो घायल
बदलापुर। कोतवाली क्षेत्र के सरोखनपुर गांव के पास फोरलेन पर खड़ी ट्रक में अनियंत्रित कार घुस गई। जिसमें कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र के महरूपुर गांव निवासी मनोज कुमार (42) अपने मित्र सी ब्लाक हाउस नंबर 66 सेक्टर नंबर 108 नोयडा गौतमबुद्ध नगर निवासी विक्रम (40) वर्ष के साथ नोयडा से कार से घर महरूपुर आ रहे थे। कार जैसे ही सरोखनपुर गांव के पास फोरलेन के पास पहुंची कि पहले से खड़ी ट्रक में जा घुसी। जिसमें सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
सड़क हादसे में वृद्धा की मौत, एक घायल
नेवढ़िया। थाना क्षेत्र के शेखपुर (भाऊपुर) गांव स्थित जमालापुर-बाबतपुर मार्ग पर सलीम गैरेज के पास शनिवार सुबह लगभग छह बजे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की चपेट में आने से अमरून्निशा पत्नी मोहम्मद जाहिर की मौत हो गई, वहीं मरियमबानो गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस चार पहिया वाहन को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक कार्यवाही में जुट गई।
थाना क्षेत्र के शेखपुर (भाऊपुर) गांव निवासी अमरून्निशा व मरियमबानो शनिवार सुबह करीब छह बजे सड़क पार कर रही थी। इस बीच बाबतपुर की तरफ से तेज रफ्तार से आ रही चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर दोनों को जोरदार टक्कर मारकर खंभे से टकराकर क्षतिग्रत हो गई, जिसके चपेट में आने से (65) अमरून्निशा की मौके पर ही मौत हो गई और मरियमबानो गंभीर रूप से घायल हो गई जिनका उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा है। सूचना पर पहुंची नेवढ़िया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष नेवढ़िया अश्वनी दुबे ने बताया कि परिजनों की ओर से दिए तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।