घटना के बाद रोती-विलखती परिवार की महिलाएं। संवाद
मड़ियाहूं (जौनपुर)। नेवढ़िया के बुद्धिपुर गांव में शशिकला पटेल (26) और उनकी बेटी श्रेया पटेल (4) की बृहस्पतिवार की रात में हुई मौत के मामले में पुलिस ने दहेज हत्या सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। इसमें पति रवि पटेल, ससुर हंसराज पटेल, सास शोभावती, देवर किशन और ननद रवीना मामले में नामजद हैं। सभी आरोपी घर में ताला बंद कर गायब हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पिता जयद्रथ पटेल ने बताया कि बेटी शशिकला की शादी छह जून 2021 को संतोषपुर गांव के रवि पटेल से हुई थी। शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए शशिकला को प्रताड़ित करते थे। भैंस और दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे। बृहस्पतिवार शाम को लगभग पांच बजे शशिकला ने अपनी बड़ी बहन ललिता पटेल को फोन करके ससुराल में गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की जानकारी दी थी। इसके बाद रात करीब 8:30 बजे शशिकला के ससुर हंसराज ने फोन करके शशिकला की तबीयत खराब होने की जानकारी दी। इस पर परिजन रात करीब 9:30 बजे संतोषपुर पहुंचे। वहां मकान में ताला लगा था। सूचना पर डायल 112 पुलिस पहुंची। पिता का आरोप है कि ससुराल वाले फोन पर शशिकला और श्रेया को जौनपुर तो कभी भदोही तो कभी वाराणसी के अस्पताल ले जाने की जानकारी देते रहे। सही जानकारी न मिलने और शक होने पर रात करीब 11 बजे मड़ियाहूं कोतवाली पहुंचे। सुबह करीब पांच बजे पुलिस ने बताया कि शशिकला और श्रेया के शव जौनपुर सदर अस्पताल में हैं। इंस्पेक्टर क्राइम इरफान अली ने बताया कि पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी। आरोपी ससुराल वालों की तलाश की जा रही है।