जौनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 साल पूरे होने पर भाजपा की ओर से सेवा संकल्प पखवाड़ा मनाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के मंडल और बूथ स्तर पर सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, नमो सेवा-अनकही कहानियां कार्यक्रम के तहत जौनपुर में विशेष नाट्य प्रस्तुति भी होगी। इसमें नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक की यात्रा को संवाद, अभिनय, संगीत और मंचन के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। भाजपा जिला महामंत्री अजय सिंह ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता में बताया कि अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है।
इसके तहत रक्तदान शिविर, निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता अभियान और पौधरोपण जैसे कार्यक्रम होंगे। आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास और उज्ज्वला योजना समेत केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को चिह्नित कर उन्हें लाभ दिलाने में कार्यकर्ता सहयोग करेंगे।
उन्होंने बताया कि युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देने के साथ महिलाओं की सुरक्षा और स्वावलंबन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी होंगे।
कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर प्रयास करेंगे। इस दौरान जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता, संदीप तिवारी और जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह मौजूद रहे।