जौनपुर। ग्राम पंचायतों को स्वच्छ बनाने से लेकर सभी सुविधाएं ग्रामीणों को गांवों में मिल सके, इसके लिए राज्य सरकार की ओर से पूरी कोशिश की जा रही है। इस कड़ी में अब प्रत्येक विकास खंड में एक-एक गांव को मॉडल उद्यान गांव के रूप में विकसित किया जाएगा। कुल 21 गांव को मॉडल उद्यान गांव बनाने के लिए चयन किया है। इसमें मशरूम उत्पादन, प्राकृतिक खेती, औषधि पौधों का बढ़ावा मिलेगा।
सब कुछ ठीकठाक रहा तो जल्द ही जिले के सभी विकास खंड से एक-एक गांव मॉडल गांव के रूप विकसित कर लिया जाएगा। इसके लिए 21 गांव का चयन किया गया है। उन्हीं गांव को मॉडल उद्यान गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें पहले से ही विभागीय गतिविधियां संचालित हैं। इन गांवों में ड्रिप स्प्रिंकलर, सिंचाई पद्धति, पाली हाउस, मशरूम उत्पादन, प्राकृतिक खेती, औषधि पौधों की खेती प्याज भंडारण गृह, प्रिजरवेंशन इकाई, मशीनीकरण जैसे कार्य किए जाएंगे। इससे प्रभावित होकर आसपास के कृषक जागरूक होकर योजना का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। मॉडल उद्यान गांव में राज्य औद्यानिक मिशन के साथ-साथ विभाग में संचालित सभी परियोजनाओं का क्रियान्वित किया जाएगा।
ये गांव बनेगा मॉडल उद्यान गांव
डोभी ब्लॉक में जरासी, केराकत में सिरामपुर, मुफ्तीगंज में मुरार, जलालपुर में लखीमपुर, सिरकोनी में सादात मसौड़ा, धर्मापुर में कलंदपुर, करंजाकला में कोहड़ा, रामपुर में भरसठ, रामनगर में नवापुर, बरसठी में बरसठी, मडियाहूं में इमानशाहपुर, सिकरारा में पुराबघेला, मछलीशहर में अमारा, मुंगरा बादशाहपुर में सराय डेंगूर, बदलापुर में मुरादपुर कोटिला, खुटहन में गुलामीपुर, शाहगंज में मनेछा, सुईथाकला में असैथाबल्जोरपट्टी, महाराजगंज में राजाबाजार सुजानगंज में करीदाबाद, बक्शा में सद्दूपुर मॉडल उद्यान गांव के रूप में विकसित किया जाएगा।
उद्यान विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं को लाभार्थियों तक पहुंच सके। इसके लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। प्रत्येक विकास खंड से एक गांव को मॉडल उद्यान गांव के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें उन्हीं गांव को चयन किया गया है। इसमें पहले से ही विभागीय गतिविधियां संचालित है। - ममता सिंह यादव, जिला उद्यान अधिकारी