जौनपुर। दीवानी न्यायालय परिसर और पुलिस लाइन के गेट नंबर एक को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल में दिए गए पांचों मोबाइल नंबरों की पुलिस ने जांच की। ये सभी नंबर जिले के शाहगंज और सरपतहां इलाके के युवाओं के निकले। पुलिस ने पूछताछ की तो मामले से उनका कोई सरोकार नहीं मिला। पुलिस अब ईमेल कहां से आया और किसने जनरेट किया, इसका पता लगाने में जुट गई है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक ईमेल जिला जज को 17 फरवरी की रात में 12:47 बजे भेजा गया। जबकि पुलिस के ऑफिशियल ईमेल पर सुबह 10:30 बजे आया। इससे पुलिस हरकत में आई और फोर्स तैनात कर दी गई। साथ ही साइबर सेल की मदद से संबंधित पांचों मोबाइल नंबरों को ट्रेस किया गया तो सभी नंबर एक्टिव मिले और उनके लोकेशन भी जिले में ही मिले। सभी का लोकेशन लेकर वहां टीमें भेजी गई तो ये नंबर शाहगंज और सरपतहां इलाके के युवाओं के निकले, जिनसे पूछताछ में स्पष्ट हुआ कि मामले से उनका संबंध नहीं है। हालांकि इसके बाद भी पुलिस इन युवाओं का ईमेल भेजने वाले से कनेक्शन का पता लगाने में लगी है। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि जांच के लिए साइबर सेल की टीमें लगाई गईं हैं। लाइन बाजार में घटना के संबंध में पुलिस की तरफ से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। चेकिंग के लिए वाराणसी से बीबीडीएस और डॉग स्क्वाॅयड बुलाया गया था। जबकि जिले की पुलिस भी तैनात थी।